खुलासा- चाचा को फंसाने के लिये मुनव्वर राणा के बेटे ने खुद चलवाई गोली, गिरफ्तार
चाचा को फंसाने के लिये खुद पर चलवाई गोली
सीसीटीवी फुटेज में शूटर संग नजर आया तबरेज
शायर मुनव्वर हमेशा रहते हैं विवादों में
लखनऊ। हमेशा चर्चा में रहने वाले मुनव्वर राणा एक बार फिर से चर्चा में हैं। चर्चा का कारण बने है उनका बेटा तबरेज राणा। खुद पर गोली चलवाने के आरोप में पुलिस ने आज उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक अपने चाचा को फंसाने के लिये तबरेज ने अपने ऊपर गोली चलवाई थी। सीसीटीवी फुटेज में तबरेज राणा शूटर के साथ देखा जा रहा है।
दरअसल, 28 जून को रायबरेली में तबरेज पर बदमाशों ने गोली चलाई थी। इस गोलीबारी में तबरेज बाल-बाल बच गए थे।ये हमला उस वक्त हुआ जब तबरेज अपनी गाड़ी में पेट्रोल भरवाने जा रहे थे। तबरेज तब रायबरेली अपने मूल निवास पर आए हुए थे। हमले के बाद मुनव्वर ने कहा था कि जमीनी विवाद को लेकर उनके ही परिवार के लोग रंजिश रखते थे और उन्हीं लोगों ने हमला कराया होगा।
इस मामले में रायबरेली पुलिस ने बताया था कि पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज की जांच के आधार पर इस साजिश का पता चला। पिछले महीने एसपी श्लोक कुमार ने कहा था कि तबरेज ने अपने साथी हलीम और सुल्तान के साथ पूरी साजिश रची। तबरेज ने अपने चाचा को संपत्ति विवाद फंसाने के लिए ये साजिश रची थी। एसपी ने कहा कि हलीम ने सतेंद्र और शुभम नाम के दो शूटर को फायरिंग के लिए भेजा था। उन्होंने बताया कि हलीम, सुल्तान, सतेंद्र और शुभम को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में इस्तेमाल बाइक और पिस्टल बरामद कर ली गई है।