सपा के बागी नितिन अग्रवाल भाजपा के सहयोग से बने यूपी विधानसभा के डिप्टी स्पीकर
लखनऊ। भाजपा समर्थित सपा के बागी विधायक नितिन अग्रवाल को उत्तर प्रदेश विधानसभा उपाध्यक्ष चुना गया है। उत्तर प्रदेश विधानसभा में उपाध्यक्ष पद के लिए आज सुबह लगभग 11.45 बजे शुरू मतदान हुआ और दोपहर तीन बजे तक चला। इसके बाद परिणाम घोषित किए गए।
इस चुनाव में नितिन अग्रवाल को 304 वहीं नरेंद्र वर्मा को 60 वोट मिले। चुनाव के लिए भाजपा ने जहां सपा के बागी विधायक नितिन अग्रवाल को समर्थन दिया था तो सपा ने पूर्व मंत्री नरेंद्र वर्मा को मैदान में उतारा था। यूपी विधानसभा को लगभग 14 साल बाद आज विधानसभा का उपाध्यक्ष मिला है। आखिरी बार साल 2007 में राजेश अग्रवाल यूपी विधानसभा के आखिरी डिप्टी स्पीकर थे। उसके 14 साल बाद यूपी में विधानसभा के डिप्टी स्पीकर के लिए चुनाव हुआ। इसके लिए आज विधानसभा का एक दिन का विशेष सत्र बुलाया गया।