मुलायम सिंह यादव के घर में भाजपा की सेंध, बहू थामेगी भगवा
- लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में होगी ज्वाइनिंग
- सपा के टिकट पर चुनाव हार चुकी हैं अपर्णा
- आईपीएस असीम अरुण भी आज होंगे भाजपा में शामिल
- मुलायम के समधी में आ चुके हैं भाजपा में
दलबदल के क्रम में भाजपा समाजवादी पर कड़ा प्रहार करने जा रही है। तीन कैबिनेट मंत्री व अनेक विधायकों से हाथ धोने के बाद भाजपा आज सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव को पार्टी में शामिल करा रही है। अपर्णा के साथ ही लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में आईपीएस असीम अरुण भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। असीम ने हाल ही में नौकरी से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति प्राप्त की है। ऐसा उन्होंने योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के बाद किया है।
लखनऊ मेंं पार्टी कार्यालय पर इन दोनों की भाजपा का दामन थामने की रस्म अदायगी होगी। इस मौके पर उत्तर प्रदेश चुनाव के सहप्रभारी और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह मौजूद रहेंगे। दरअसल, अपर्णा, मुलायम सिंह के छोटे बेटे और अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव की पत्नी हैं। वह 2017 का विधानसभा चुनाव लखनऊ कैंट सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर लड़ चुकी हैं। उन्हें भाजपा की रीता बहुगुणा जोशी के सामने हार का सामना करना पड़ा था। अखिलेश यादव ने भी उनका प्रचार किया था।
बड़ी बात यह है कि अपर्णा को कई मर्तबा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक तौर पर तारीफ करती रहती हैं। मूल रूप से उत्तराखंड की रहने वाली अपर्णा कई बार योगी आदित्यनाथ के साथ भी नजर आई हैं। सूत्रों का दावा है कि भाजपा उन्हें लखनऊ कैंट विधानसभा सीट से उम्मीदवार बना सकती है। इससे पहले मुलायम सिंह यादव के समधी और फिरोजाबाद के सिरसागंज सीट से विधायक हरिओम यादव भी भाजपा में शामिल हो गए थे। हरिओम यादव के भाई रामप्रकाश उर्फ नेहरू की बेटी की शादी मुलायम सिंह के भतीजे रणवीर सिंह से हुई है।