BREAKING उत्तर प्रदेश मेरठ आस-पास

छपरौली में भाजपा प्रत्याशी विधायक सहेंद्र रमाला के काफिले पर हमला, भाग कर बचाई जान

Feb 8, 2022
Spread the love
  • छपरौली कस्बे के निकट हुआ हमला
  • हमलावरों के हाथ में रालोद के झंडे थे
  • गोबर भी विधायक के काफिले पर फेंका गया
  • भाजपा प्रत्याशियों पर लगातार हो रहे हैं हमले
  • कई वाहन किये जा चुके हैं क्षतिग्रस्त

बागपत के छपरौली कस्बे में आज भाजपा प्रत्याशी सहेंद्र रमाला के काफिले पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। हमलावर रालोद के झंडे लिये हुए थे। यहां वाहनों को लाठी डंडों से क्षतिग्रस्त करने के अलावा सुरक्षा में तैनात दो सिपाहियों को भी पीटा गया। सभी ने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई है। सहेंद्र यूं तो रालोद के टिकट पर जीते थे लेकिन उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया था। इस बार वह भाजपा के टिकट पर ही चुनाव लड़ रहे हैं। इस घटना के पीछे राजनीति के अलावा तीन कृषि कानून के चलते किसानों का विरोध भी बताया जा रहा है। हमले की यह वारदात छपरौली थाने से महज चार सौ मीटर की दूरी पर हुई है। भाजपा विधायक के काफिले पर हमले की सूचना से जिला पुलिस व प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस व प्रशासनिक अफसरों का जमावड़ा थाने पर लगा हुआ है। हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी भी चल रही है। कई जिलों में भाजपा विधायकों अथवा प्रत्याशियों के साथ इस तरह की घटनाएं हाल फिलहाल में हो चुकी हैं। घटना के कई वीडियो भी वायरल हो रहे हैं।

मंगलवार को चुनाव प्रचार का आखिरी दिन था। छपरौली से विधायक और भाजपा प्रत्याशी सहेंद्र सिंह समर्थकों के साथ रोड शो के लिए निकले। छपरौली कस्बे में काफिला पहुंचते ही सैकड़ों लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। कुछ लोग गाली-गलौज कर पीटने की बात कहने लगे। तभी किसी ने भाजपा प्रत्याशी पर गोबर फेंकना शुरू कर दिया।

विरोध देखते ही भाजपा प्रत्याशी तो किसी तरह से जान बचाकर निकल गए। लेकिन पीछे से आ रहे समर्थक मामला जानने के लिए रुक गए। तभी लोगों ने उनको लात-घूसों से पीटना शुरू कर दिया। देखते ही देखते ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे भी चलने लगे। करीब 45 मिनट बाद सुरक्षा कर्मियों ने किसी तरह से स्थिति को काबू किया। सूचना पर पुलिस भी पहुंची। लेकिन तब तक अराजक तत्व फरार हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *