हरियाणा में खनन माफिया ने डीएसपी पर चढ़ा दिया डंपर, मौके पर ही मौत
BREAKING Firstbyte update राष्ट्रीय

हरियाणा में खनन माफिया ने डीएसपी पर चढ़ा दिया डंपर, मौके पर ही मौत

Jul 19, 2022
Spread the love

हरियाणा में खनन माफियाओं के हौंसले देखिये, नूंह में खनन रोकने गये एक डीएसपी सुरेंद्र सिंह की डंपर चढ़ाकर हत्या कर दी गई। जिस वक्त यह घटना हुई डीएसपी अपनी सरकारी गाड़ी के पास खड़े थे। उन्होंने डंपर को रोकने की प्रयास किया तो चालक ने उनको ही कुचल दिया। डीएसपी की मौके पर ही मौत हो गयी। यह घटना मंगलवार की दोपहर करीब सवा बारह बजे हुई।

दरअसल, तावड़ू पुलिस को सूचना मिली थी कि पंचगांव की पहाड़ी में बड़े स्तर पर अवैध खनन चल रहा है। डीएसपी सुरेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ पहाड़ी पर रेड मारने पहुंचे। उन्होंने मौके पर खनन कर रहे माफिया को रोकने का प्रयास किया तो उन लोगों ने DSP पर पत्थरों से भरा डंपर चढ़ा दिया। इस घटना के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। डीएसपी सुरेंद्र सिंह हिसार जिले के आदमपुर क्षेत्र के गांव सारंगपुर के रहने वाले थे। वे 12 अप्रैल 1994 को हरियाणा पुलिस में ASI के पद पर भर्ती हुए थे। पुलिस से अब 31 अक्टूबर को उनकी सेवानिवृत्ति होनी थी।

इस हत्या पर गृहमंत्री अनिल विज ने कड़ी कार्रवाई के आदेश देते हुए कहा कि जितनी फोर्स लगानी पड़े, लगाएंगे पर खनन माफियाओं को बख्शेंगे नहीं। खनन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि इलाके में अवैध खनन चल रहा था। खनन कहां हो रहा है, इसकी जानकारी ले रहे हैं। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बता दें कि तावड़ू क्षेत्र में अरावली की पहाड़ियों पर बड़े स्तर पर हो रहे अवैध खनन को रोकने के लिये प्रशासन ने 3 जून को ही उपमंडल स्तर पर एक स्पेशल टास्क फोर्स का गठन किया था। इसमें कई विभागों के अधिकारी शामिल थे। डीएसपी सुरेंद्र सिंह बिश्नोई को भी कमान दी गई थी।

follow us on face book https://www.facebook.com/groups/480505783445020

follow us on twitter https://twitter.com/home

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *