बलात्कार के दोषी गुरमीत राम रहीम से भाजपा नेताओं ने लिया आशीर्वाद
BREAKING Delhi / NCR उत्तर प्रदेश

बलात्कार के दोषी गुरमीत राम रहीम से भाजपा नेताओं ने लिया आशीर्वाद

Oct 20, 2022
Spread the love

गुरमीत राम रहीम का जलवा अभी तक भाजपा पर कायम है। बागपत में आयोजित सत्संग में हरियाणा भाजपा के कई बड़े नेताओं ने सत्संग में भाग लेते हुए बलात्कार के दोषी गुरमीत राम रहीम का आशिर्वाद लिया। इन नेताओं में करनाल की पूर्व मेयर रेनू बाला गुप्ता भी शामिल रही। दो शिष्याओं के साथ बलात्कार, एक पत्रकार की हत्या और एक पूर्व प्रबंधक की हत्या की साजिश में जेल से पैरोल पर बाहर आये गुरमीत राम रहीम का यह ऑनलाइन सत्संग मंगलवार को आयोजित किया गया था। पूर्व मेयर रेनू बाला गुप्ता ने गुरमीत को पिताजी संबोधित करते हुए तमाम बाते कही।

हाल ही में बलात्कार का दोषी गुरमीत पैरोल पर जेल से बाहर आया है। बागपत में उसने 18 अक्टूबर को ऑनलाइन सत्संग का आयोजन किया था। बलात्कार के दोषी गुरमीत से ऑनलाइन संवाद में रेनू बाला गुप्ता ने दोषी बाबा को ‘पिताजी’ संबोधित करते हुए कहा कि पिताजी का आशीर्वाद बना रहे। पहले आप करनाल आए थे और स्वच्छता का संदेश दिया था। उससे करनाल आगे बढ़ा है। आगे भी आप आकर करनाल को आगे बढ़ाएंगे। सभी को आशीर्वाद दे। इसके जवाब में गुरमीत ने कहा कि आप सभी को बहुत बहुत आशीर्वाद, आप सभी जिम्मेदार लोग पूरे देश को चमकाएंगे और आगे लेकर जाएंगे।

बता दें कि बाबा की पैरोल की टाइमिंग पर सवाल इसलिए उठ रहे हैं क्योंकि इस समय हरियाणा में पंचायत चुनाव का माहौल बना हुआ है। इसके साथ आदमपुर सीट पर उपचुनाव भी होना है। करनाल मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की विधानसभा सीट भी है तो वहीं हरियाणा सरकार ने इस पैरोल को रूटीन और एक अपराधी की वैध अधिकार की प्रक्रिया करार दिया है।

डेरा प्रबंधन ने इस मामले पर टिप्पणी करने से मना कर दिया. डेरा का कहना है कि इससे राजनीति का कोई लेना देना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *