करीब तीस घंटे बाद प्रियंका गांधी गिरफ्तार
सीतापुर। लखीमपुरखीरी कांड के पीड़ितों से मिलने के लिये निकली कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को लंबी हिरासत में रखने के बाद आज उनकी गिरफ्तारी दिखा दी गई। आज सुबह ही प्रियंका गांधी ने एक वीडियो जारी कर पीएम मोदी को संपूर्ण घटना से अवगत कराया था। साथ ही यह भी बताया था कि बिना किसी आदेश व एफआरआई के उन्हें हिरासत में रखा गया है। प्रियंका की इस हिरासत के खिलाफ देश भर में कांग्रेसियों ने धरना प्रदर्शन का आह्वान किया है। यूपी के अन्य शहरों के साथ ही मेरठ में भी विरोध प्रदर्शन किया गया।
बता दें कि शांति भंग करने के आरोप में प्रियंका गांधी के साथ ही, राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा, यूपी कांग्रेस के मुखिया अजय कुमार लल्लू समेत ग्यारह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। सीतापुर गेस्ट हाउस के बाहर कांग्रेस समर्थकों का विरोध जारी है। प्रियंका को कल उस वक्त हिरासत में लिया गया था जब वह लखीमपुर खीरी जा रही थीं।