अब भाजपा नेता ने कहा दरोगा की दस के बाद गर्मी निकाल देंगे
- वाक्या अलीगढ़ के जवां थाने का है
- प्रापर्टी विवाद में पुलिस ले आई थी एक पदाधिकारी को
- इसका विरोध करते हुए भी भाजपाइयों ने घेर लिया था थाना
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दस मार्च के बाद बदमाशों व असामाजिक तत्वों की गर्मी निकालने की बात कही थी लेकिन उनके नक्शे कदम से आगे निकलते हुए भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष ने यह धमकी पुलिस के दरोगा को ही दे दी। भाजयुमो नेता ने कहा कि दस तारीख को योगी सरकार आ रही है, बताये दे रहा हूं दरोगा की गर्मी निकाल देंगे हम।
दरोगा की गर्मी निकालने का यह वाक्या अलीगढ़ के थाना जवां का है। दरअसल, भाजपा के किसी पदाधिकारी का गांव के ही एक पक्ष से प्रापट्री को लेकर विवाद हो गया था। इस पर पूछताछ के लिये पुलिस भाजपा पदाधिकारी को उठा लाई। आरोप है कि उमेश नामक दारोगा से उसकी बहस हो गई। इसी को लेकर रविवार 27 फरवरी को भाजयुमो के जिलाध्यक्ष धर्मवीर सिंह लोधी थाने पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को लेकर पहुंच गये और थाने का घेराव किया। इसी दौरान जिलाध्यक्ष धर्मवीर सिंह लोधी ने ड्यूटी पर मौजूद थानेदार व अन्य पुलिसकर्मियों को धमकाते हुए कहा कि मैं तो सिर्फ ये कह रहा हूं, जंगलगढ़ी से कितने लोगों को उठाया है। जब मैंने कहा, मैं जिलाध्यक्ष बोल रहा हूं भाजयुमो का तो इतनी गर्मी है दारोगा में। 10 तारीख को योगी सरकार नहीं आ रही है क्या ? बताये दे रहा हूं 10 तारीख को योगी जी की सरकार आ रही है, ये बात दिमाग में बैठा लें, जितनी गर्मी है दारोगा की, सब निकाल देंगे हम!”। इस आशय का एक वीडियो भी वायरल हो गया।