BREAKING Firstbyte update पंजाब

भगत सिंह के गांव से भगवंत मान ने ली पंजाब के सीएम पद की शपथ

Mar 16, 2022
Spread the love
  • 17वें मुख्यमंत्री के रूप में ली भगवंत ने शपथ
  • शपथ दिलाने अरविंद केजरीवाल भी पहुंचे
  • भीड़ के चलते आज किया गया विद्यालयों में अवकाश
  • पंजाब की 117 विधानसभा सीटों में से 92 पर आप काबिज

पंजाब की राजनीति में आज से एक नया अध्याय जोड़ते हुए भगवंत मान ने 17वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण कर ली। हालांकि कार्यकाल के लिहाज से वह पंजाब के 25वें CM हैं। इस मौके पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संजोयक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी मौजूद थे.साथ ही, लाखों की संख्या में यहां पर लोग पहुंचे हुए थे। आज देश के तमाम राज्यों में दिये गये विज्ञापनों में आप की तरफ से दावा किया गया है कि आज इतिहास रचा जायेगा, पंजाब के तीन करोड़ लोग इकट्ठे सीएम की शपथ लेंगे। जिला प्रशासन ने शपथ ग्रहण समारोह के चलते भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए 16 मार्च को विद्यालयों में अवकाश की घोषणा की।

स्वतंत्रता सेनानी शहीद भगत सिंह के गांव खटकड़ कलां में आयोजित शपथ ग्रहण से ठीक पहले भगवंत मान ने ट्वीट किया है- ”सूरज की सुनहरी किरण आज एक नया सवेरा लेकर आई है। शहीद भगत सिंह और बाबा साहब के सपनों को साकार करने के लिए आज पूरा पंजाब खटकड़ कलां में शपथ लेगा। शहीद भगत सिंह जी की सोच पर पहरा देने के लिए मैं उनके पैतृक गांव खटकड़ कलां के लिए रवाना हो रहा हूं।

उधर, शपथ ग्रहण से पार्टी संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि आज पंजाब के लिए बहुत बड़ा दिन है। नई उम्मीद की इस सुनहरी सुबह में आज पूरा पंजाब इकठ्ठा होकर एक खुशहाल पंजाब बनाने की शपथ लेगा। उस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए मैं भी शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां के लिए रवाना हो गया हूं।

इससे पहले, भगवंत मान ने अभी अकेले ही शपथ ग्रहण की है। माना जा रहा है कि पंजाब मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत 18 मंत्री हो सकते हैं। बता दें कि पंजाब विधानसभा की 117 सीटों में से आप ने 92 सीटों पर जीत दर्ज की है। पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले भगवंत मान ने राज्य के लोगों को शपथग्रहण समारोह में शामिल होने का न्यौता दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *