त्यागी समाज ने मेरठ कमिश्नरी पर दिया धरना
श्रीकांत त्यागी की पत्नी के संग मेरठ कमिश्नरी पर धरने पर बैठे त्यागी समाज के लोगों ने आज पुलिस व प्रशासन को अंतिम समय तक परेशानी में डाले रखा। दरअसल, भीतर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समीक्षा बैठक कर रहे थे, बाहर त्यागी समाज के लोग जिंदाबाद व मुर्दाबाद के नारे लगा रहे थे। पुलिस दोनों के बीच में दीवार बनी खड़ी थी। त्यागी समाज व भारतीय किसान यूनियन के नेता मांगेराम त्यागी ने धरने को संबोधित करते हुए चेतावनी दी कि यदि उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न मिलाया गया तो भुस भरा ही जायेगा, भरा ही जायेगा। त्यागी समाज के चेतावनी व टकराव टालने की नीयत से पुलिस व प्रशासन ने प्रदेश के मुखिया को कमिश्नरी के दूसरे गेट से चौ.चरण सिंह विश्वविद्यालय के लिये रवाना कर दिया। इससे पहले पुलिस ऐसा दिखावा करती रही जैसे मुख्यमंत्री योगी मुख्य द्वार से अब निकले और तब निकले इसके चलते त्यागी समाज लगातार नारेबाजी करता रह गया और मुख्यमंत्री विश्वविद्यालय भी पहुंच गये।
नोएडा की ओमेकेस सोसायटी का भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी पिछले दिनों एक महिला से गाली गलौज करने की घटना को लेकर एकाएक सुर्खी में आ गया था। मामला महिला से जुड़ा था लिहाजा भाजपा ने तुरंत ही श्रीकांत त्यागी ने यह कहते हुए पल्ला झाड़ लिया कि श्रीकांत का भाजपा से कुछ लेना देना नहीं हैं। इस पर विपक्ष ने भाजपा के राष्ट्रीय व प्रदेश अध्यक्ष समेत तमाम दिग्गज नेताओं संग श्रीकांत के फोटो वायरल कर दिये। सोसायटी में गुंडागर्दी बढ़ने पर भाजपा सांसद महेश शर्मा ने प्रदेश के अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी को घटना का हवाला देते हुए यहां तक कह डाला था कि उन्हें यह कहते हुए शर्म आ रही है प्रदेश में भाजपा की सरकार है।
श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी के बाद त्यागी समाज उसके परिजनों के उत्पीड़न को लेकर आंदोलनरत है। इसे लेकर ही बीते दिवस से ही मुख्यमंत्री आगमन को देखते हुए मेरठ कमिश्नरी पर धरना शुरू किया गया है।
follow us on facebook https://www.facebook.com/groups/480505783445020
follow us on twitter https://twitter.com/home
follow us on you tube https://www.youtube.com/channel/UCQAvrXttAEoWXP6-4ATSxDQ
follow us on website https://firstbytetv.com/