यमुना नदी में सफेद झाग की बिछी चादर ,प्रदूषित पानी में श्रद्धालु पूजा करने को मजबूर,  AAP और BJP मैदान में
BREAKING दिल्ली

यमुना नदी में सफेद झाग की बिछी चादर ,प्रदूषित पानी में श्रद्धालु पूजा करने को मजबूर, AAP और BJP मैदान में

Oct 28, 2022
Spread the love

देशभर में छठ पर्व की तैयारियां जोरों शोरों से चल रही है।इस बार 30 अक्टूबर को छठ पर्व मनाया जाएगा। और आज 28 अक्टूबर को नहाए खाए के साथ पर्व की शुरुआत हो चुकी है। लेकिन छठ पूजा से पहले यमुना नदी में सफेद झाग की चादर बिछी हुई है। यमुना के इस प्रदूषित पानी में श्रद्धालु पूजा करने को मजबूर है। भारी मात्रा में केमिकल का छिड़काव करने के बाद भी यमुना के पानी में आ रहे सफेद झाग कम होने का नाम नहीं ले रहे।

इस बार दिल्ली सरकार ने राजधानी में 1100 जगह पर धूमधाम से छठ पर्व मनाने का ऐलान किया है। शासन द्वारा यमुना नदी में भारी मात्रा में केमिकल का छिड़काव किया जा रहा है। इसके बावजूद भी नदी के पानी में कोई खास बदलाव नहीं हो रहा।

वहीं छठ पूजा यमुना के सफेद झाग वाले पानी को लेकर बीजेपी नेताओं को सियासत रचने का मौका मिल गया। आप और केजरीवाल पर बीजेपी नेता लगातार निशाना साध रहे हैं। भाजपा नेता मनोज तिवारी ने गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा केजरीवाल ने 2013 में दावा किया था कि वह यमुना को इतना साफ कर दें कि लोग डुबकी लगा सकेंगे। लेकिन उसमें तो आज भी झाग तेर रहे हैं।

तिवारी ने कहा कि आज जब भाजपा नेता कालिंदी घाट पहुंचे तो वहां झाग को छिपाने के लिए जहरीला रसायन का छिड़काव किया जा रहा था। भाजपा नेताओं को देखते ही ये लोग रसायन छोड़कर वहां से भाग गए।

मनोज तिवारी ने शुक्रवार को ट्वीट किया और कहा कि फिर एक बार अरविंद केजरीवाल का हिंदू विरोधी चेहरा सामने आया. कल जब हम सबने यमुना जी का बुरा हाल दिखाया और परसों अधिकारियों के साथ स्वच्छता व आस्था के पर्व छठ के लिए यमुना तट सफाई की तो अब अपने अधिकारियों को धमका रहे हैं कि यमुना किनारे छठ नहीं मनाने दो।

आप ने किया पलटवार

वहीं, आम आदमी पार्टी कूड़े के मुद्दे पर बीजेपी को घेरने में जुटी है. AAP का दावा है कि यमुना पहले से साफ हुई है। आप प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यह बेहद ही हास्यास्पद और गलत है कि यमुना में झाग कम करने के लिए ‘जहरीले रसायन’ का इस्तेमाल किया जाता है।उन्होंने कहा कि रसायन का मतलब जहर नहीं है. यहां तक कि पानी को साफ करने के लिए इस्तेमाल होने वाली क्लोरीन और फिटकरी भी एक प्रकार का केमिकल ही है।

उधर, बीजेपी सांसद परवेश वर्मा बदसलूकी के आरोपों में घिर गए हैं। आप नेता सौरभ भारद्वाज ने एक वीडियो ट्वीट किया, जिसमें यमुना के किनारे बीजेपी सांसद परवेश वर्मा उलझते दिख रहे हैं। झाग पर केमिकल का छिड़काव करने वाले अफसरों को डांटते दिखे और जुबान बेकाबू हो गई।हालांकि बाद में परवेश वर्मा छठ का सवाल उठाकर खुद को बवाल से अलग कर रहे हैं।

आप नेता सौरभ भारद्वाज ने बीजेपी सांसद प्रवेश वर्मा का वीडियो शेयर किया और कहा कि दिल्ली सरकार छठ पूजा की तैयारी कर रही है और भाजपा के नेता काम रोक रहे हैं, बदतमीजी कर रहे हैं।भाजपा चाहती है कि पूर्वांचली भाइयों को परेशानी हो और त्योहार खराब हो। इस वीडियो में बीजेपी सांसद प्रवेश वर्मा अधिकारियों को केमिकल का छिड़काव करने पर डांटते नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *