Meerut: सफाई को लेकर फैलाई जागरूकता, नालों के किनारे चलाया सफाई अभियान
ग्लोबल कुशल कनेक्ट संस्था व नगर निगम मेरठ द्वारा आज मेरठ रोड पार्किंग स्थल पर नाले के किनारे सफाई अभियान चलाया गया। सफाई अभियान को संचालित करने में स्थानीय पार्षद मनमोहन जोहरी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी हरपाल सिंह, इंस्पेक्टर अजय शील, सुपरवाइजर अनिकेत ने विशेष योगदान दिया। संस्था के सदस्यों ने इस दौरान मौजूद स्थानीय निवासियों से नाले के किनारे कूड़ा न फेंकने की अपील की। साथ ही स्थानीय लोगों ने भी संस्था के सफाई कार्यों की सराहना की।
संस्था की अध्यक्ष ऋचा सिंह ने कहा कि लोग लगातार नाले के किनारे कूड़ा डाल डाल कर गंदगी बढ़ा रहे हैं। इस गंदगी को खत्म करने के लिए ही आज यह अभियान चलाया गया है। सदस्यों ने सफाई के दौरान प्लास्टिक, डिस्पोजल व पन्नियो को नाले से निकालकर इकट्ठा किया। वहीं संस्था के संरक्षक नवीन अग्रवाल ने कहा कि सफाई के इस अभियान के बाद हमारे अंदर क्रांति पैदा होनी चाहिए। और क्रांति ऐसी होनी चाहिए जिससे अंदर की सारी बुराइयां खत्म हो जाए। उन्होंने कहा कि बाहर की सफाई का संबंध हमारे स्वास्थ्य से होता है वहीं भीतर की सफाई हमारे जीवन को महान बनाने के लिए महत्वपूर्ण रोल प्ले करती है।
इसी के साथ संस्था के पर्यावरण कोआर्डिनेटर विपुल सिंघल ने कहा कि हम सभी का कर्तव्य है कि साफ सफाई के प्रति सतर्क और जागरूक रहें। उन्होंने कहा कि संस्था के सदस्य जनहित के कार्य करने के लिए हमेशा आगे रहते हैं। सफाई कार्यक्रम में अंजू वारियर ,स्थानीय पार्षद मनमोहन जोहरी, राजू रस्तोगी ,ग्लोबल सोशल कनेक्ट से रिचा सिंह, नवीन अग्रवाल ,विपुल सिंघल, देवराज सोम ,बबीता सोम, संतोष पंडित ,पूनम गोयल, ऊषा गर्ग ,हिमांशु गोयल ,अपार मोहरा ,सौरभ अग्रवाल, रविंद्र प्रधान, अक्षय सिंह आदि मौजूद रहे।